*
मुख्य मार्गों और चौराहों पर सुगम हुआ यातायात*
*जर्जर और खतरनाक हो चुकीं संरचनाओं को भी हटाया गया*
जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, स्वच्छता सर्वेक्षण में जबलपुर को अव्वल लाने और आगामी वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से नागरिकों को निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने अभियान चलाया। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार नगर निगम के अमले ने शहर के विभिन्न जोन और मुख्य मार्गों से अस्थाई अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ जर्जर संरचनाओं को भी हटाने की कार्रवाई की। इस मुहिम से जहां एक ओर राहगीरों को जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं दूसरी ओर नालों की सफाई के रास्ते भी साफ हुए हैं।
अतिक्रमण अधिकारी के के रावत टिपेंद्र रावत एवं अखिलेश भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम की टीम ने आज सुबह से ही मुस्तैदी दिखाते हुए शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों छोटी लाइन फाटक से अनगढ़ महावीर मंदिर मार्ग पर लगे अस्थाई ठेले-टपरों को हटाकर मार्ग को पूरी तरह खाली कराया गया। अनावश्यक रूप से सड़क घेरे हुए सामग्री को जब्त भी किया गया, रामपुर चैक एवं धनी की कुटिया क्षेत्र मंे भी ठेले-टपरों को हटाकर यातायात को सुचारू बनाया गया, कछपुरा ब्रिज और उसके आस-पास के क्षेत्र से अतिक्रमण साफ कर सामग्री जप्त की गई, जिससे अब यहां दुर्घटनाओं का अंदेशा कम होगा, सिविक सेंटर चौपाटी शहर के प्रमुख केंद्र के चारों ओर मुस्तैदी से कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया गया। धनवंतरी नगर मुख्य मार्ग एवं संभाग क्रमांक-01 में नालों के ऊपर किए गए अवैध निर्माणों को चिन्हित कर पूरी तरह हटा दिया गया, कंजर्वेंसी एवं नालियों के ऊपर किए गए कब्जों को साफ किया गया, ताकि बारिश का पानी बिना किसी रुकावट के बह सके।
नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जर्जर और खतरनाक हो चुकीं संरचनाओं को हटाया गया। गंगानगर क्षेत्र में एक बेहद पुरानी और जर्जर हो चुकी पुलिया को सुरक्षित रूप से तोड़ने की कार्रवाई की गई। सुहागी जोन कार्यालय के पीछे स्थित एक बेहद जर्जर स्कूल कक्ष को ढहा दिया गया, जिससे भविष्य में होने वाले किसी भी संभावित हादसे को टाल दिया गया है।
कार्रवाई के साथ-साथ नगर निगम ने नागरिकों को जागरूक करने का प्रयास भी किया। कांचघर चौघड़ा क्षेत्र में मुनादी कराई गई और स्वच्छता मानकों को ध्यान में रखते हुए चौपाटी को व्यवस्थित रूप से अलग कराया गया। गढ़ा बाजार क्षेत्र में नाला और मुख्य सड़क पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए क्षेत्र में मुनादी कराकर दुकानदारों और नागरिकों को सख्त हिदायत दी गई।


