*मध्यप्रदेश शासन लोकनिर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह ने संग्राम सागर तालाब का किया निरीक्षण, लिया व्यवस्थाओं का जायजा*
*आज सुबह 08ः00 बजे से श्रमदान का कार्य होगा प्रारंभ, सभी सम्माननीय गणमान्यजनों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों कर्मचारियों से उपस्थिति की अपील*
जबलपुर। *जल गंगा संवर्धन अभियान* के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर शहर के ऐतिहासिक और आस्था के केंद्र संग्राम सागर तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए आज दिनांक 25 मई 2026 को सुबह 8ः00 बजे से मध्यप्रदेश शासन के लोकनिर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों कर्मचारियों की उपस्थिति में स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रम के पूर्व संग्राम सागर तालाब परीसर क्षेत्र का पैदल भ्रमण का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जायजा लिया। निरीक्षण के अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने कहा कि स्वच्छता श्रमदान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हमारी जल संरचनाओं को सहेजना है।
इस भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर माननीय कैबिनेट मंत्री ने संग्राम सागर तालाब का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि श्रमदान कार्यक्रम पूरी गरिमा और सुचारू रूप से संपन्न हो सके। मंत्री श्री राकेश सिंह ने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस महापर्व पर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बड़ी संख्या में श्रमदान के लिए आगे आएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के साथ स्थानीय प्रबुद्धजन आदि उपस्थित रहे।


