अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 14 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाले सबसे बड़े ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम में जिले की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिला आयुष कार्यालय बालाघाट में आयोजित इस विशेष बैठक में जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। यह बैठक जिला आयुष अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार पंद्रे की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
बनेगा नया विश्व रिकॉर्ड, घर बैठे ऐसे होगा पंजीकरण
बैठक में जिला आयुष अधिकारी डॉ. पंद्रे ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार और हैबिल्ड हेल्थटेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में 14 जून को सुबह 06:15 बजे से 07:35 बजे तक एक विशेष ऑनलाइन योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य तकनीक के माध्यम से एक साथ सर्वाधिक लोगों की भागीदारी दर्ज कर एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना है। कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रतिभागियों को टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना निःशुल्क पंजीकरण कराना होगा।
सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील
डॉ. जितेन्द्र कुमार पंद्रे ने बैठक में उपस्थित सभी सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर पर इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर इसे जन-आंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि योग न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक शांति के लिए भी आवश्यक है। इस वर्ष आयुष मंत्रालय द्वारा ‘Yoga for Healthy Aging’ (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) थीम तय की गई है। सभी संगठन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को मिस्ड कॉल के माध्यम से पंजीकरण कराने में सहयोग करें ताकि बालाघाट जिला इस विश्व रिकॉर्ड में अग्रणी भूमिका निभा सके।
आयुष संस्थाओं द्वारा जारी है वृहद जनजागरूकता व पंजीयन अभियान
बैठक के दौरान जिला नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह उईके ने जिले में जमीनी स्तर पर चल रही तैयारियों की जानकारी साझा की। डॉ. उईके ने कहा कि, “कलेक्टर महोदय के निर्देशन में जिले में संचालित समस्त आयुष संस्थाओं द्वारा व्यापक स्तर पर वृहद जनजागरूकता व पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सभी आयुष परिक्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले शासकीय व निजी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक संस्थानों में निरंतर योगाभ्यास सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इन सत्रों में न केवल लोगों को योग सिखाया जा रहा है, बल्कि 14 जून के ऐतिहासिक सत्र के लिए मौके पर ही सभी प्रतिभागियों का शत-प्रतिशत पंजीयन भी सुनिश्चित किया जा रहा है।”
सरदार पटेल आयुर्वेद, सतपुड़ा आईटीआई कॉलेज और आईटीआई में हुआ वृहद पंजीयन
बैठक के दौरान डॉ. दीपाली वाकड़े ने पूर्व में संपन्न हुए अभियानों की प्रगति रिपोर्ट साझा की। डॉ. वाकड़े ने बताया कि, “विगत दिनों जिला आयुष विभाग द्वारा सरदार पटेल आयुर्वेद महाविद्यालय बालाघाट, सतपुड़ा आईटीआई कॉलेज बालाघाट, एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) बूढ़ी में वृहद स्तर पर योगाभ्यास जनजागरूकता व पंजीयन अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत इन सभी प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के स्टाफ और छात्र-छात्राओं को योग के विविध आयामों से जोड़ते हुए बड़े पैमाने पर उनका ऑनलाइन पंजीकरण दर्ज किया गया है।”


