वीडियो जारी कर सरकार से सुरक्षित वापसी की अपील
जबलपुर। जबलपुर के चार व्यापारी परिवार इन दिनों दुबई में फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिससे उनकी वापसी टल गई है।
21 फरवरी को गए थे, 28 को लौटना था
जानकारी के अनुसार शहर के व्यापारी शैलेश जैन, प्रशांत विश्वकर्मा, संजय सिंघई और प्रवीण जैन 21 फरवरी को परिवार सहित दुबई घूमने गए थे। उनकी वापसी 28 फरवरी को तय थी, लेकिन क्षेत्रीय तनाव के चलते कई उड़ानें रद्द कर दी गईं या अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गईं।
वीडियो जारी कर बताया—फिलहाल सुरक्षित
दुबई में फंसे व्यापारियों ने मंगलवार को दो वीडियो जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि वे जिस क्षेत्र में ठहरे हैं, वहां हालात सामान्य और सुरक्षित हैं। हालांकि एयरपोर्ट संचालन और उड़ानों की बहाली को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
होटल किराया तीन गुना तक बढ़ा
व्यापारियों के अनुसार मौजूदा हालात का असर होटल उद्योग पर भी पड़ा है। कई होटलों ने किराया तीन गुना तक बढ़ा दिया है। लंबे समय तक रुकने की मजबूरी से आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। परिवारों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं, जिससे मानसिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
सरकार से लगाई गुहार
फंसे हुए परिवारों ने केंद्र सरकार से सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए मदद की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि विशेष व्यवस्था कर जल्द भारत लौटने का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा।
अन्य यात्री लौटने लगे
यूएई में फंसे कुछ अन्य यात्री अब भारत लौटने लगे हैं। बताया जा रहा है कि इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत कई लोग स्वदेश वापस आ चुके हैं। हालांकि कई उड़ानों का संचालन अभी भी प्रभावित है।
बताया गया कि Air India Express की शारजाह–इंदौर फ्लाइट IX-256 को 28 फरवरी से लगातार रद्द किया जा रहा था और 3 मार्च को भी इसका संचालन नहीं हो सका।
फिलहाल सभी की निगाहें उड़ानों के नियमित संचालन और सरकारी हस्तक्षेप पर टिकी हैं, ताकि जबलपुर के ये परिवार सुरक्षित अपने घर लौट सकें।


