July 27, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

प्रयागराज से शुरू होगी राष्ट्रव्यापी स्वच्छ भारत 2.0 की शुरुआत : अनुराग ठाकुर

प्रयागराज ,30 सितंबर (आरएनएस)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर एक अक्टूबर को अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काम्पलेक्स (म्योहॉल) के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने एक ट्वीट में घोषणा की है कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का युवा कार्यक्रम विभाग 01 अक्टूबर से एक महीने तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी स्वच्छ भारत 2.0 अभियान का शुभारम्भ प्रयागराज से करेगा।
जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एक वीडियो संदेश में अनुराग ठाकुर ने कहा है कि अपने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में प्रधानमंत्री ने पांच प्रणों का जिक्र किया था। उनमें से एक था विकसित भारत का लक्ष्य, जिसमें साफ-सफाई बहुत अहम भूमिका निभाती है। इसलिए स्वच्छ भारत 2.0 हमारी प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से इंडिया स्पोर्ट्स ने गत वर्ष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत एक महीने में 75 लाख किलो का लक्ष्य रख 114 लाख किलो कूड़े का निपटान किया था। ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता के अनुसार नेहरू युवा केंद्र संगठन (एनवाईकेएस) से जुड़े युवा मंडलों और राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ी संस्थाओं के नेटवर्क के जरिए देश भर के 744 जिलों के 6 लाख गांवों में स्वच्छ भारत 2.0 कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
ठाकुर ने बताया कि भारत को स्वच्छ बनाने को लेकर जागरूकता बढ़ाने, लोगों को संगठित करने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक अक्टूबर को प्रयागराज से स्वच्छ भारत 2.0 की शुरुआत की जाएगी। इस पहल में विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और पृष्ठभूमि के लोग एक साथ काम करेंगे और इन लोगों द्वारा पूरी तरह से स्वैच्छिक आधार पर सफाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस साल युवा कार्यक्रम विभाग ने 1 करोड़ किलो प्लास्टिक कचरे को इक_ा करने और निपटाने का लक्ष्य रखा है। स्वच्छ भारत कार्यक्रम का उद्देश्य 01 से 31 अक्टूबर तक देश के सभी जिलों में सार्वजनिक स्थानों व घरों की सफाई का आयोजन करना है, और जागरूकता पैदा करने के लिए समाज के सभी वर्गों को शामिल करना है। इसके साथ ये अभियान स्वच्छ काल: अमृत काल का मंत्र भी देगा और जन भागीदारी के माध्यम से इस कार्यक्रम को एक जन आंदोलन में तब्दील कर देगा।

अन्य ख़बरें

सरकार पेपर लीक रोकने के सख्त प्रावधानों के साथ ‘लोक परीक्षा संशोधन विधेयक’ करेगी पेश

Newsdesk

अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, 4 लाख से अधिक भक्तों ने किए बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन

Newsdesk

पेपर लीक मामले में मंत्रियों को बचाने की ‘आप’ सरकार की कोशिश भ्रष्टाचार का साफ सबूत: पंजाब भाजपा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading