नई टिहरी ,04 अक्टूबर (आरएनएस)। ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे पर बछेलीखाल धौलधार के समीप सोमवार देर रात भारी चट्टानी मलबा आने से हाईवे अवरुद्ध हो गया। एनएच की ओर से जेसीबी मशीनों की मदद से करीब 14 घंटे बाद मंगलवार दोपहर को खोला जा सका। राजमार्ग बंद होने से बदरी केदार यात्रा प्रभावित रही। वहीं नवरात्र पूजन के लिए आ रहे, श्रद्धालुओं सहित क्षेत्र में हो रहे शादी समारोह में आवाजाही करने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बछेलीखाल चौकी प्रभारी रविन्द्र डोभाल ने बताया कि बीती सोमवार रात करीब दस बजे धौलधार के निकट अचानक पहाड़ी के एक हिस्से से भारी चट्टानी मलबा हाईवे पर आ गिरा, जिसके चलते ऋषिकेश बदरीकेदार की ओर जा रहे यात्रा वाहन हाईवे पर फंसकर रह गए। एनएच की ओर से रात में मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन पहाड़ी से लगातार मलबा आने से हाईवे नहीं खुल पाया। मंगलवार को जेसीबी और पोकलैंड मशीनों की मद्द से दोपहर 12 बजे किसी तरह हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका। देवप्रयाग के कोतवाल देवराज शर्मा ने बताया कि हाईवे बंद होने की सूचना पर देवप्रयाग और मलेथा मोटर मार्ग से बदरी केदार यात्रा को ऋषिकेश के लिए डायवर्ट किया गया। उधर नवरात्र के समापन पर गढ़वाल के विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन को आने वाले श्रद्धालु भी समय पर मंदिरों में नहीं पहुंच पाये, सबसे अधिक दिक्कतें वन डे शादी वालों को उठानी पड़ी, जिन्हें लंबे रूट होकर जाना पड़ा। करीब14 घंटे यातायात अवरुद्ध रहने से हाईवे पर कई किमी. लंबी वाहनों की कतार लगने से हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जाम को खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।


