July 28, 2026
सी टाइम्स
खेल

न्यूज़ीलैंड ने बंगलादेश को आठ विकेट से हराया

क्राइस्टचर्च ,10 अक्टूबर। न्यूजीलैंड ने माइकल ब्रेसवेल (14/2) की शानदार गेंदबाजी के बाद डेवन कॉनवे (70 नाबाद) के अर्द्धशतक की बदौलत बंगलादेश को त्रिकोणीय टी20 शृंखला में आठ विकेट से मात दी। बंगलादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाये। न्यूजीलैंड ने 138 रन का लक्ष्य 13 गेंदें रहते हुए हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर बंगलादेश को पहले बल्लेबाजी के लिये बुलाया। मेहदी हसन मिराज़ का विकेट गिरने के बाद नजमुल हुसैन शंटो (33) और लिटन दास (15) बंगलादेश की पारी को आगे बढ़ा रहे थे, लेकिन दोनों बल्लेबाजों के आउट होते ही विकेटों की झड़ी लग गयी। ब्रेसवेल ने रनों पर लगाम लगाते हुए लिटन और यासिर अली को आउट किया, जबकि ईश सोढ़ी ने शंटो और मोसद्देक हुसैन का विकेट गिराया। ट्रेंट बोल्ट और टिम साउदी ने भी दो-दो विकेट अपने नाम किये।
बंगलादेश ने 78 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिये थे, लेकिन अंत में विकेटकीपर नूरुल हसन ने 12 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों के साथ 25 रन की पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में 137 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड ने सलामी बल्लेबाज फिन ऐलन (16) का विकेट जल्दी गिरने के बावजूद 138 रन का छोटा लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। कॉनवे ने विलियमसन के साथ दूसरे विकेट के लिये 85 रन की साझेदारी की, जिसने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। विलियमसन ने 29 गेंदों पर 30 रन बनाये जबकि कॉनवे 51 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की बदौलत 70 रन बनाकर नाबाद रहे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये ग्लेन फिलिप्स ने नौ गेंदों पर ताबड़तोड़ 23 रन बनाये और 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
न्यूजीलैंड को इससे पूर्व शृंखला के अपने पहले मैच में पाकिस्तान के हाथों हार मिली थी, जबकि पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड और बंगलादेश के खिलाफ अपने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है।

अन्य ख़बरें

सीडब्ल्यूजी 2026: शर्मिला ने देश को दिलाया दूसरा गोल्ड, भारत की झोली में 4 और मेडल

Newsdesk

खेल मंत्री मांडविया ने आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में पदक जीतने पर ईशा सिंह और मनु भाकर को बधाई दी

Newsdesk

सीडब्ल्यूजी 2026: सचिन सिवाच ने विलियम हेविट को हराया, पुरुषों के 60 किलोग्राम बॉक्सिंग क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading