26.5 C
Jabalpur
August 29, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

हर जरूरतमंद को दें रैन बसेरे में अच्छी सुविधा : मुख्यमंत्री

गोरखपुर, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)| यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि हर जरूरतमंद को रैन बसेरों में अच्छी सुविधा दी जाए। प्रशासन इसे प्राथमिकता पर लेते हुए यह सुनिश्चित करे कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कंबल का इंतजाम के साथ साफ सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाए। यदि किसी के पास भोजन की व्यवस्था नहीं है तो उसे भोजन भी उपलब्ध कराया जाए।

सीएम योगी ने ये निर्देश सोमवार रात महानगर के तीन रैन बसेरों का निरीक्षण करने के दौरान दिए। उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास, कचहरी बस स्टेशन के पास तथा झूलेलाल मंदिर के पास बने रैन बसेरों का निरीक्षण कर तथा वहां ठहरे लोगों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से जरूरतमंदों में कम्बल व भोजन का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री ने तीनों रैन बसेरों के बाहर भी जरूरतमंद लोगों में उच्च गुणवत्ता के कंबल व भोजन का वितरण कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनके रहते किसी को भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सीएम योगी ने रैन बसेरों में ठहरे सभी लोगों से आत्मीय संवाद किया। कोई डॉक्टर को दिखाने के लिए तो कोई परीक्षा या अन्य कार्य से गोरखपुर आया था। मुख्यमंत्री ने उनसे यह भी पूछा कि यहां रैन बसेरों में कोई परेशानी तो नहीं। सबने व्यवस्था को लेकर संतोषजनक जवाब दिया।

रैन बसेरों का निरीक्षण करने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिला प्रशासन व नगर निकायों को निर्देशित किया गया है कि रैन बसेरों का व्यवस्थित संचालन करें। इसमें स्वयंसेवी संगठनों की भी मदद ली जाए। कोई भी बेसहारा या जरूरतमंद सड़कों पर ठिठुरता न दिखाई दे। उनके ठहरने की सम्मानजनक व्यवस्था कराई जाए। इसके साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में हर जरूरतमंद को कंबल व ऊनी कपड़े उपलब्ध कराए जाएं। हर जगह पर पर्याप्त अलाव की व्यवस्था हो।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कुशलक्षेम और जरूरतों के बारे में पूछे जाने पर रैन बसेरों में ठहरे लोग भाव विह्वल हो गए। उन्हें सहसा यकीन नहीं हो रहा था कि प्रतिकूल मौसम में उनके ठहरने और भोजन की जानकारी लेने खुद मुख्यमंत्री उनके पास आए हैं। रैन बसेरों में ठहरे लोगों का कहना था कि जब बाबा (योगी आदित्यनाथ) खुद उनकी सुधि ले रहे हैं तो उन्हें किस बात की दिक्कत होगी। रैन बसेरों के निरीक्षण के दौरान महापौर सीताराम जयसवाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह समेत प्रशासन, पुलिस व नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

संविधान और संघ की विचारधारा के बीच जारी है लड़ाई: राहुल गांधी

Newsdesk

कर्नाटक पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, बेंगलुरु हवाई अड्डे पर किया गया स्वागत

Newsdesk

‘कृष्ण चेतना’ विश्व को एकजुट कर सकती है : आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading