September 14, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

भ्रष्टाचारियों को जेल जाना होगा, यह मोदी की गारंटी है : पीएम मोदी

बस्तर, 8 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार का बस्तर से आगाज करते हुए कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार ही देश की पहचान बन गया था। कांग्रेस के काल में दिल्ली से एक रुपया चलता था और गांव तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते थे। अब भ्रष्टाचारियों को जेल जाना ही होगा, यह मोदी की गारंटी है।

सोमवार को बस्तर के प्रवास पर पहुंचे पीएम मोदी ने आमावाल गांव में आयोजित विजय संकल्प शंखनाद रैली में कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार देश की पहचान बन गया था और भ्रष्टाचार से सबसे ज्यादा नुकसान गरीब का होता है। अब भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई हो रही है। छत्तीसगढ़ के नौजवानों को जिन्होंने धोखा दिया है, उन पर तेजी से कार्रवाई चल रही है। अब यह लोग लाठी से मोदी का सिर फोड़ने की धमकी दे रहे हैं। मोदी गरीब का बेटा है और सिर ऊंचा रखकर चलता है। मोदी इनकी धमकियों से डरने वाला नहीं है।

उन्होंने जनता से पूछा कि आप बताइए, जिन्होंने जनता को लूटा उन्हें सजा मिलनी चाहिए या नहीं। कोई घर में घुस आए और लूटपाट करने लगे तो परिवार का हर सदस्य उससे भिड़ जाता है। मोदी के लिए तो मेरा भारत मेरा परिवार है। मैं भी अपने देश को, अपने परिवार को, लूटपाट से बचाने में भिड़ जाता हूं इसलिए कहता हूं भ्रष्टाचार हटाओ और वो क्या कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ। वे चुनाव के लिए रैली नहीं कर रहे बल्कि भ्रष्टाचारियों को बताने के लिए रैली कर रहे।

उन्होंने आगे कहा कि वो चाहे मोदी को कितनी भी धमकियां दे दें, भ्रष्टाचारियों को जेल जाना ही पड़ेगा, यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा वे गरीब के दर्द को जानते हैं और यही कारण है कि उन्होंने गरीबों को उसका हक दिलाने के लिए योजनाएं बनाई। इसी का नतीजा है कि 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी विशेष विमान से जगदलपुर के माता दंतेश्वरी हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उनकी भाजपा के नेताओं ने अगवानी की। यहां से पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से आमावाल पहुंचे।

छत्तीसगढ़ में लोकसभा की 11 सीटें हैं और पहले चरण में 19 अप्रैल को बस्तर में मतदान होना है। बस्तर संसदीय क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार महेश कश्यप का मुकाबला कांग्रेस के कवासी लखमा से है। वर्ष 2019 का चुनाव कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर दीपक बैज ने जीता था। मगर, इस बार पार्टी ने लखमा को उम्मीदवार बनाया है।

अन्य ख़बरें

तकनीक और महत्वपूर्ण खनिजों को हथियार बनाने से बचना होगा, समावेशी विकास पर पड़ सकता है असर: पीएम मोदी

Newsdesk

2029 से पहले एनडीए शासित 21 राज्यों में लागू होगा यूसीसी: अमित शाह

Newsdesk

अपनी संस्कृति और स्मृतियों की रक्षा करने वाला राष्ट्र कभी पराजित नहीं होता: अमित शाह

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading