Jabalpur News : जबलपुर में पिता-भाई की हत्या करने वाली लड़की के बॉयफ्रेंड ने किया सरेंडर, थाने पहुंचकर बोला- मैं मुकुल सिंह हूं
जबलपुर में पिता और भाई की हत्या करने वाली लड़की के बॉयफ्रेंड मुकुल सिंह ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। गुरुवार रात करीब 11:45 बजे मुकुल ने सिविल लाइन थाने में पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। उसने चेहरे पर कपड़ा बांधकर थाने में प्रवेश किया और कहा, “मैं मुकुल सिंह हूं।”
पुलिस ने जैसे ही उसे पहचाना, वे चौंक गए और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। रिपोर्टों के अनुसार, मुकुल ने रेलवे कर्मचारी राजकुमार विश्वकर्मा और उनके बेटे तनिष्क की हत्या की बात कबूल कर ली है। सरेंडर के बाद, पुलिस ने मुकुल को पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर ले गई।
एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के बाद, मुकुल और नाबालिग लड़की कटनी, इंदौर, पुणे, बेंगलुरु, ओडिशा, कोलकाता, गुवाहाटी, झांसी, मथुरा और वृंदावन गए थे। बेंगलुरु में वे एक दोस्त के यहां रुके थे, जहां मुकुल हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी साथ ले गया था। जब दोस्त को उनकी हत्या की जानकारी मिली, तो उसने उन्हें घर से निकाल दिया।
जांच में पता चला है की पैसे खत्म हो जाने पर, दोनों अमृतसर में लंगरों और गुरुद्वारों में खाना खाते थे और पैक कराकर ले जाते थे। इसके बाद, वे बिना टिकट अमृतसर से हरिद्वार पहुंच गए। मुकुल को पता था कि अयोध्या और मथुरा में पुलिस उन्हें तलाश रही है, इसलिए उन्होंने उत्तराखंड जाने का निर्णय लिया।
हरिद्वार में वे दिन में मंदिरों या आश्रमों में रहते थे और रातें जिला अस्पताल के कैंपस में बिताते थे। मुकुल को पता था कि हरिद्वार में रोजाना हजारों टूरिस्ट आते हैं, जिससे पुलिस की पूछताछ की संभावना कम हो जाती है।
मुकुल सिंह और लड़की ने पकड़ से बचने के लिए कई शहरों का दौरा किया, जिसमें कई चुनौतियाँ सामने आईं। उन्होंने अपनी पहचान छिपाने और खाने-पीने की व्यवस्था करने के लिए संघर्ष किया।


