नीट परीक्षा के रिजल्ट में धांधली और नर्सिंग कॉलेज घोटाले के विरोध में जबलपुर में कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें घंटाघर के पास बैरिकेटिंग कर रोक लिया गया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेटिंग चढ़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प हो गई।
जब कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं माने, तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांगों पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने कुछ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
कांग्रेस का आंदोलन टाउन हॉल से शुरू होकर घंटाघर पहुंचा था। काफी देर हंगामा और प्रदर्शन के बाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एडीएम को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा, तब जाकर मामला शांत हुआ।


