जबलपुर, 23 जनवरी । अक्सर हम फोटो लेते वक़्त आई एस ओ और अपार्चर की मदद से फोटो में लाइट बढाने की कोशिश करते हैं. लेकिन यदि हम वाकई एक बेहतर फोटो चाहते हैं तो हमें की लाइट, एज लाइट और फिल लाइट की जानकारी होना बेहद ज़रुरी है.
इन्हीं तीनों के तालमेल से मिलता है बेहतर आउटपुट. रोलिंग एंड एक्शन फ़िल्म इंस्टिट्यूट द्वारा एक दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला आयोजित की गयी. जिसमें विषय विशेषज्ञ श्री आदित्य मोदी द्वारा उपरोक्त जानकारी दी गयी. इसके साथ ही उन्होंने लार्ज फॉर्मेट, मीडियम फॉर्मेट सेंसर, टी एल आर, एस एल आर में अंतर भी बताया. कार्यशाला का लाभ लेने जबलपुर और सतना ज़िले से प्रशिक्षु आये.
महत्त्वपूर्ण बात ये है कि आधा दर्जन प्रशिक्षुओं में से अधिकतर वर्किंग फोटोग्राफर रहे जो इस कार्यशाला में शामिल हुए. कार्यशाला का समापन करते हुए संस्था के निर्देशक और संस्थापक श्री हेमन्त विश्वकर्मा ने प्रशिक्षुओं को उनके भविष्य के लिए शुभकामनायें दीं और आगे भी इस तरह की कार्यशालाओं को आयोजित करने का आश्वासन दिया. कार्यशाला का संयोजन संस्थापक चक्रेशहार सिंह सूर्या द्वारा किया गया.
विदित हो कि फ़रवरी 2020 में संस्थापकों द्वारा रोलिंग एंड एक्शन फ़िल्म इंस्टिट्यूट की शरुआत इसलिए की गयी ताकि जबलपुर में हो रहे फ़िल्म शूट्स हेतु स्थानीय प्रतिभाओं को अभिनय और सहायक निर्देशन की विधा में दक्ष किया जा सके. जिससे उन्हें जबलपुर में होने फ़िल्म और वेब सीरिज़ शूट्स में रोज़गार उपलब्ध हो सके.


