40.5 C
Jabalpur
May 28, 2026
सी टाइम्स
खेल

आईपीएल 2025 : रोहित शर्मा 7,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने

मुल्लांपुर, 31 मई। रोहित शर्मा आईपीएल के इतिहास में 7,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। शुक्रवार को आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 81 रनों की पारी के दौरान उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

एलिमिनेटर जैसे अहम मैच में बैटिंग के लिए उतरे रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत से ही गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया था और 81 रन की धमाकेदार पारी खेली। इस पारी की बदौलत रोहित विराट कोहली के बाद आईपीएल में 7,000 रन पूरा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए।

रोहित ने 50 गेंदों की अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के की मदद से 81 रन की पारी खेली। रोहित का यह आईपीएल का 47वां अर्धशतक था। इस पारी के दौरान 43वां रन बनाते ही रोहित ने 7,000 रन का जादुई आंकड़ा छू लिया। उन्होंने अपने 271वें मैच की 266वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की।

इस पारी के दौरान रोहित के बल्ले से चार छक्के निकले। हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा के आईपीएल में अब 302 छक्के हो गए हैं। आईपीएल इतिहास में 300 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले वे पहले भारतीय बल्लेबाज और ओवरऑल क्रिस गेल के बाद दूसरे बल्लेबाज हैं। गेल 357 छक्कों के साथ पहले स्थान पर हैं।

रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर का आगाज 2008 में डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए किया था। वह 2011 से मुंबई इंडियंस से जुड़े हुए हैं। साल 2008 से अब तक खेले 271 मैचों की 266 पारियों में रोहित 7,038 रन बना चुके हैं। इस दौरान दो शतक और 47 अर्धशतक उनके नाम हैं।

सफल बल्लेबाज के साथ-साथ रोहित का नाम आईपीएल के सफलतम कप्तानों में शुमार है। वह अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच बार चैंपियन बना चुके हैं।

आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने 2008 से अब तक आरसीबी के लिए खेलते हुए 266 मैचों की 258 पारियों में आठ शतक और 63 अर्धशतक लगाते हुए 8,618 रन बनाए हैं।

अन्य ख़बरें

वनडे वर्ल्ड कप जीतने से हमें बहुत आत्मविश्वास मिला, जो इस टी20 वर्ल्ड कप में भी काम आएगा: हरमनप्रीत

Newsdesk

आईपीएल 2026: वैभव की तूफानी बल्लेबाजी, एसआरएच को 47 रन से रौंदकर ‘क्वालीफायर-2’ में आरआर

Newsdesk

महिला टी20 विश्व कप 2026: ‘विकेड’ की कास्ट ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेगी

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading