कोटा ,07 जुलाई। राजस्थान के कोटा में दोस्तों के संग पूल पार्टी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक युवक की स्विमिंग पूल में स्टंट करने के दौरान जान चली गई। मृतक, 35 वर्षीय मुबारिक, अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सहारा था। घटना नांता इलाके के एक फार्म हाउस की है, जहां वह अपने 20-22 दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था।
पार्टी में मौजूद मुबारिक के दोस्त अमन ने बताया कि शनिवार दोपहर को सबने साथ में खाना खाया। इसके बाद मुबारिक ने स्विमिंग पूल में स्टंट करने की इच्छा जताई और अपने दोस्तों से इसका वीडियो बनाने को कहा। यह कहकर वह पूल में कूद गया। करीब 10 सेकंड तक पानी में रहने के बाद जब वह उल्टा होकर सतह पर आया, तो दोस्तों में हड़कंप मच गया।
दोस्तों ने फौरन उसे पानी से बाहर निकाला और कोटा के नयापुरा स्थित एमबीएस अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दोस्त अमन ने आशंका जताई है कि मुबारिक को साइलेंट अटैक आया हो सकता है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
फर्नीचर का काम करने वाला मुबारिक घंटाघर के चश्मे की बावड़ी इलाके का रहने वाला था। उसके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। इस हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है, क्योंकि चार साल पहले ही मुबारिक के बड़े भाई की भी मौत हो गई थी। घर का इकलौता कमाने वाला भी चला गया, जिससे परिवार सदमे में है। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा है और माता-पिता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इलाके में भी इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।


