जबलपुर।
रामपुर आजाद चौक क्षेत्र में सट्टा के कुख्यात खिलाड़ी बबलू सरफराज को पुलिस ने उसके अड्डे से रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गोरखपुर थाना पुलिस और सीएसपी एम.डी. नागोंतिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान बबलू के दो साथी भी पकड़े गए। तीनों के कब्जे से लाखों रुपए की सट्टा पट्टियाँ, करीब 30 हजार रुपए नकद और एक वॉकी-टॉकी जब्त की गई है।
सीएसपी नागोंतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि बबलू सरफराज अपने साथियों के साथ आजाद चौक स्थित अड्डे पर सक्रिय रूप से सट्टा पट्टी लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीतिक रूप से टीम गठित कर तत्काल दबिश दी।
दबिश के दौरान तीनों आरोपी सट्टा लिखते हुए पकड़े गए। उनके पास से भारी मात्रा में सट्टा सामग्री बरामद हुई, जिसमें लाखों की सट्टा पट्टियाँ, 30,000 रुपये नगद और वॉकी-टॉकी सेट शामिल है, जिसे संचार के लिए उपयोग किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सीएसपी ने यह भी बताया कि बबलू सरफराज के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, और उसकी गतिविधियों पर लंबे समय से निगरानी रखी जा रही थी। अब उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: वाजिद खान


