Seoni news – मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के जाने-माने समाजसेवी और चिकित्सक डॉ. प्रफुल्ल श्रीवास्तव एक अलग ही कारण से चर्चा में आ गए हैं। शहर के गणेश चौक मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के दौरान उन्होंने खुद श्रमदान करते हुए फोटो खिंचवाने की कोशिश की — लेकिन यह कोशिश एक हादसे में बदल गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना मंगलवार की बताई जा रही है जब डॉ. श्रीवास्तव रोज की तरह पूजा-पाठ के बाद मंदिर पहुंचे थे। मंदिर में पिलर के निर्माण के लिए करीब 6 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें मलबा और RCC मटेरियल डाला जा रहा था। डॉ. साहब ने भी उत्साहपूर्वक एक तगाड़ी मलबा भरकर गड्ढे में डालने की कोशिश की और उसी दौरान वीडियो बनवाते हुए बोले—
“एक तसला और… फोटो नहीं आई!”
बस, इतना कहते ही उनका संतुलन बिगड़ा और वे सीधे गड्ढे में गिर पड़े।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गिरते ही आसपास मौजूद लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े। सौभाग्य से उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को हंसी और चेतावनी दोनों के तौर पर साझा कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, डॉ. श्रीवास्तव लंबे समय से इस मंदिर से जुड़े सामाजिक और धार्मिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और खुद श्रमदान कर दूसरों को प्रेरित करते हैं।


