Jabalpur news today। स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि देने और युवाओं को भारत के असली इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से समदड़िया मॉल में गुरुवार को विवेक अग्निहोत्री निर्मित-निर्देशित फिल्म “द बंगाल फाइल्स” का विशेष प्रदर्शन किया गया। इस आयोजन का संचालन स्टेडियम किंग्स, भारत द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में सेवा भारती नरसिंह मंदिर की जनजातीय छात्राओं सहित अन्य छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। विशेष प्रदर्शन के मुख्य अतिथि उत्तर-मध्य क्षेत्र के विधायक अभिलाष पांडे एवं जबलपुर नगर निगम के महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए फिल्म के महत्व पर प्रकाश डाला और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी छात्राओं ने सामूहिक राष्ट्रगान में भाग लेकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
आभार व्यक्त करते हुए स्टेडियम किंग्स, भारत के एडमिन जितेंद्र सिंह ‘जित्तू’ ने कहा कि इस आयोजन का मकसद उन साहसी गुमनाम नायकों को नमन करना है, जिन्होंने अपने बलिदान से मानवता को महाविनाश से बचाया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म हिंदुओं और मातृशक्ति पर हुए अत्याचारों की सच्चाई को सामने लाती है और इतिहास को विकृत करने की कोशिशों का पर्दाफाश करती है।
आयोजन को सफल बनाने में स्टेडियम किंग्स, भारत की पूरी टीम – अभिनेश गुप्ता, नीतीश अग्रवाल, रजनीश सिंह, दीपक द्विवेदी, सत्येंद्र पचौरी, राकेश अमलाथे, योगेश विलोहा, नितिन मिश्रा, सोनू पंडित, सुमित सिंह, हिमांशु श्रीवास्तव, अंकित नेमा आदि का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलता में टीम का समर्पण और कठोर परिश्रम सराहनीय रहा।


