Jabalpur News Today। शेयर बाजार में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक युवक ने सतना निवासी अभिजीत जैन से करीब 32 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। इस मामले में राज्य साइबर सेल जबलपुर की टीम ने नागपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले की जानकारी देते हुए साइबर सेल प्रभारी भावना तिवारी ने बताया कि आरोपी ने खुद को शेयर मार्केटिंग सलाहकार बताते हुए पीड़ित से संपर्क किया और उसे कई बैंक खातों में किस्तों में रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा। अभिजीत जैन ने आरोपी पर विश्वास करते हुए लगातार 32 लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा किए, जिनमें से करीब 5 लाख रुपये आरोपी के व्यक्तिगत खाते में भी पहुंचे।
पैसे ट्रांसफर करवाने के बाद जब आरोपी ने लाभ की राशि देने से इनकार कर दिया और संपर्क तोड़ दिया, तब पीड़ित ने राज्य साइबर पुलिस जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। टीम ने तकनीकी जांच और बैंक ट्रांजेक्शन ट्रेस कर आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया।
फिलहाल साइबर सेल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके खिलाफ और कितनी शिकायतें हैं, और क्या उसने अन्य लोगों को भी इसी तरह से ठगा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार के ऑनलाइन निवेश या जल्दी मुनाफे के झांसे में न आएं, और किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था को पैसा देने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।


