Jabalpur News Today। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में चल रहे संगठित जुआ-सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस ने शनिवार देर रात बड़े जुआ फड़ पर छापा मारते हुए 13 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ₹73,520 नगद, 14 मोबाइल फोन, 1 मोटरसाइकिल और 4 स्कूटी जब्त की हैं।
गुप्त सूचना पर दी गई दबिश
थाना प्रभारी गोरखपुर नितिन कमल ने बताया कि नगर पुलिस अधीक्षक एम.डी. नागोतिया को देर रात सूचना मिली थी कि दशमेश द्वार गुरुद्वारा के पास पृथ्वी पाल सिंह के मकान में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर तत्काल टीम गठित कर मकान की घेराबंदी की गई। जब पुलिस ने प्रथम तल का दरवाजा खोला तो अंदर कई युवक ताश के पत्तों पर रुपए की हार-जीत का दांव लगाते हुए मिले।
13 जुआरी गिरफ्तार, लाखों का सामान जब्त
पुलिस ने मौके से 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके नाम इस प्रकार हैं —
आकाश मल्लाह, अमन पाल, कृष्णा चतुर्वेदी, गोविंद ठाकुर, जसप्रीत सिंह, पुनीत सिंह, रोहित विश्वकर्मा, करमचंद कोल, किसन रैदास, सूरज सेठिया, विक्रांत कौशल, संजय पटेल और सोनल कुमार दुबे।
इन सभी के पास से ₹73,520 नकद, ताश की दो गड्डियां, 14 मोबाइल फोन, 1 मोटरसाइकिल और 4 स्कूटी बरामद की गई। जप्त किए गए सभी सामान की कुल कीमत करीब ₹6.95 लाख आंकी गई है।
जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि शहर में ऐसे और भी संगठित जुआ-सट्टा नेटवर्क की निगरानी की जा रही है और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल रही टीम
इस छापामार कार्रवाई में उप निरीक्षक चंद्रशेखर चौबे, प्रधान आरक्षक नीरज सेन, आरक्षक योगेंद्र, आशीष, राकेश वर्मा, धर्मेंद्र चीत, वात्सल्य, कैलाश पाल सहित पूरी गोरखपुर थाना टीम का सराहनीय योगदान रहा।


