जबलपुर में चलती ट्रेन में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शिक्षक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी मृतक का मामा ससुर बताया जा रहा है। घटना धनबाद–उधना एक्सप्रेस (09040) में हुई। आरोप है कि ट्रेन में सफर के दौरान शिक्षक शैलेंद्र सिंह और उसके मामा ससुर गोविंद रघुवंशी के बीच पहले कहासुनी हुई। साथ बैठे यात्रियों ने दोनों को समझाकर शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद फिर विवाद भड़क गया। इसी दौरान आरोपी ने जेब से चाकू निकाला और शैलेंद्र पर ताबड़तोड़ 30 से अधिक वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी ने चलती ट्रेन की चेन खींची और गोसलपुर–देवरी स्टेशन के बीच कूदकर फरार हो गया।
ट्रेन जबलपुर पहुंचते ही आरपीएफ पहले से अलर्ट थी। घायल शिक्षक को तुरंत चादर में लपेटकर खून का बहाव रोकने का प्रयास किया गया और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी के अनुसार घायल के पेट से लगातार खून बह रहा था, बावजूद इसके उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक शैलेंद्र सिंह (35) नरसिंहपुर जिले के बनखेड़ी गांव का रहने वाला था और सरकारी स्कूल में शिक्षक था। उसकी शादी 2021 में नर्मदापुरम जिले के पिपरिया की रहने वाली युवती से हुई थी, जो आरपीएफ में आरक्षक है। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों में विवाद शुरू हो गया था। 2022 में पत्नी ने सतना फैमिली कोर्ट में तलाक का आवेदन दिया था। सोमवार को ही दोनों की कोर्ट में पेशी थी। सुनवाई के दौरान शैलेंद्र ने तलाक देने से इनकार कर दिया और कहा कि शादी टूटने की गलती उसकी नहीं है। उस समय पत्नी का मामा गोविंद कोर्ट में मौजूद था, जहां दोनों के बीच कहा-सुनी भी हुई थी।
पेशी के बाद शाम को तीनों धनबाद–उधना ट्रेन से जबलपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान यह वारदात हुई। हत्या के बाद आरोपी गोविंद रघुवंशी मौके से फरार है। बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।


