जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में नशे में हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी ऑटो चालक बिरमू बर्मन ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे गांव का ही गब्बर बर्मन शराब के नशे में उसके घर के बाहर पहुंचकर उत्पात मचाने लगा।
बिरमू ने बताया कि गब्बर पड़ोसी के घर का दरवाजा जोर-जोर से खटखटाकर शोर मचा रहा था। जब उसने गब्बर को समझाने और रोकने की कोशिश की, तो आरोपी भड़क उठा और उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगा। आरोप है कि गब्बर ने बिरमू का हाथ पकड़कर जोर से खींचा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और उसके बाद हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में बिरमू की कमर और पैर में चोट आई है।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के बाद गब्बर ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही चरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बिरमू की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गब्बर बर्मन के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
गांव के लोगों के अनुसार आरोपी गब्बर शराब के नशे में आए दिन विवाद करता है, जिसके चलते ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी घटना की तुरंत सूचना देने की अपील की है।


