जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह 4 नवम्बर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी भी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर थाना कटंगी के उप निरीक्षक लवकुश साकेत को गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया। वहीं थाना गोरखपुर के सहायक उप निरीक्षक रावेंद्र तिवारी को विवेचना के दौरान चोरी गए मशरूका की सफल बरामदगी के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
यातायात थाना घमापुर के सहायक उप निरीक्षक अजय चौबे को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रभावी चालानी कार्रवाई के लिए तथा सोशल मीडिया सेल के आरक्षक शुभम सिंह दीक्षित को सोशल मीडिया मॉनीटरिंग में सराहनीय योगदान देने पर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री उपाध्याय ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि इनका समर्पण एवं निष्ठा पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को और ऊँचा उठाती है। उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों से भी प्रेरणा लेकर इसी तरह बेहतर कार्य करने की अपील की।


