जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद खून-खराबे में बदल गया। आरोप है कि दो युवकों ने युवक पर हमला किया और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां को चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेताकॉलोनी निवासी गीता पवार (45 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि बीती रात करीब 11 बजे उनका बेटा जितेन्द्र पवार कदीर होटल के पास खड़ा था। तभी इलाके के राकेश बघेल और राजा बघेल वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए ₹500 की मांग करने लगे। जितेन्द्र द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान जितेन्द्र का भांजा निलेश वहां पहुंचा और घर जाकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गीता पवार अपनी बेटी कविता और निक्की रजक के साथ मौके पर पहुँचीं। उन्होंने देखा कि आरोपी जितेन्द्र को पीट रहे हैं। जब गीता पवार ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो राजा बघेल ने चाकू से हमला कर उनकी पसली पर चोट पहुंचा दी।
इसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों ने गीता पवार को अस्पताल पहुँचाया जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने गीता पवार की शिकायत पर धारा 296, 115(2), 119(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन शराब को लेकर विवाद होते रहते हैं और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है।


