जबलपुर। नेपियर टाउन इलाके में रहने वाले एक डॉक्टर के घर में काम करने वाली दो घरेलू सहायिकाओं ने बड़ी सफाई से चोरी को अंजाम दिया। काम के दौरान वे घर के सीसीटीवी कैमरे कुछ मिनटों के लिए बंद कर देती थीं और उसी दौरान नकदी व जेवरात लेकर फरार हो जाती थीं। जब घर से लगातार सामान गायब होने लगा तो डॉक्टर ने जांच की, जिसमें यह राज खुला। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मदनमहल थाना पुलिस के अनुसार नेपियर टाउन निवासी डॉ. राहुल शुक्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने नवंबर 2024 में दीक्षा और उर्मिला ठाकुर को घर के काम–काज के लिए रखा था। पिछले कुछ महीनों से घर से नकदी और सामान गायब होने लगा। शक होने पर डॉक्टर ने घर में सीसीटीवी लगवाए। फुटेज में सामने आया कि दोनों कामगार कैमरा 5–10 मिनट के लिए बंद कर घर में रखी नकदी चुपके से निकाल लेती थीं।
पूछताछ में दोनों ने चोरी कबूल की। मई से 25 अक्टूबर के बीच लगभग ₹6 लाख नकद, एक वनप्लस मोबाइल और डॉक्टर की मां का सोने का मंगलसूत्र चोरी होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
—
सूना मकान तोड़कर चोरी
अधारताल के कटरा निवासी अनीस अहमद (सरकारी ठेकेदार) अपने पत्नी के इलाज के लिए अस्पताल में थे। 30 अक्टूबर को घर बंद कर अस्पताल गए थे। 31 अक्टूबर को सूचना मिली कि घर का ताला टूटा है। जांच में अलमारी का लॉकर टूटा मिला और सोने–चांदी के जेवर और नकदी चोरी पाए गए। पुलिस जांच में जुटी है।
—
होटल लॉकर से फ्रंट ऑफिस कर्मचारी ने उड़ाए रुपए
नौदरा ब्रिज स्थित विजन बिज़नेस होटल के मैनेजर अनुराग गुलकुंडे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि होटल के लॉकर से ₹85,885 रुपए गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज में फ्रंट ऑफिस एसोसिएट पुष्पराज मिश्रा को रात 11:47 बजे लॉकर से पैसे निकालते देखा गया। आरोपित ने ₹18,495 अपने खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने उसके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
—
इन लगातार चोरी और ठगी के मामलों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और घरेलू/कर्मचारी सत्यापन की आवश्यकता को एक बार फिर रेखांकित किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर या प्रतिष्ठान में किसी भी कर्मचारी को रखने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य कराएं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें।


