37.5 C
Jabalpur
April 1, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

मध्य प्रदेश: जबलपुर में बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय प्रतिभाओं का सम्मान

जबलपुर, 15 नवंबर । मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में जनजातीय वर्ग के नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअली उद्बोधन हुआ, वहीं जनजातीय वर्ग की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को गुजरात के नर्मदा जिले से राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित किया। इस समारोह का देशव्यापी सीधा प्रसारण किया गया। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के इस वर्चुअल संबोधन को सभी ने सुना।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम में देश के विभिन्न अचंलों में जनजातीय वीरों और जननायकों ने आजादी के लिए अपना लहू बहाया। इन वीरों ने अपना त्याग किया, पर अंग्रेजों को चैन से बैठने नहीं दिया। स्वाधीनता संग्राम के उस प्रारंभिक काल में जनजातीय जननायकों ने जो योगदान दिया, उसे हम भुला नहीं सकते, पर इतिहासकारों और तत्कालीन सरकारों ने इनके योगदान को सिरे से नकार दिया। देश के स्वाधीनता संग्राम में जनजातियों का योगदान अतुलनीय है, अभूतपूर्व है। इसीलिए हमने यह बीड़ा उठाया है कि जनजातीय वीरों और जननायकों के बारे में आज की नई पीढ़ी को भी अवगत कराया जाए। हर साल 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जन्मदिन होता है। इस विशेष दिन को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के पीछे हमारी यही मंशा है कि जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सबकुछ न्यौछावर कर दिया, हम सब उनके बारे में जानें, समझें, विचार करें और इन शूरवीरों के योगदान को श्रद्धानवत् होकर नमन करें।

कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा विशिष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाले जनजातीय समुदाय के युवाओं, चित्रकारों और सिकल सेल एनीमिया पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टर्स को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हाल ही में सम्पन्न आईसीसी महिला क्रिकेट विश्वकप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छतरपुर जिले की महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को एक करोड़ का चेक और प्रशस्ति-पत्र दिया गया।

अतिथियों द्वारा पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे, फुलझारिया बाई, उजियारो बाई, विक्रम अवॉर्डी रागिनी मार्को, सृष्टि सिंह तथा राज्‍य शासन के सहयोग से विदेश में अध्‍ययन करने वाले विद्यार्थी आशाराम पालवी एवं रवि मेड़ा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षा पास करने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति समूह (पीवीटीजी) के चयनित 6 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनजातीय वर्ग के दो मेधावी विद्यार्थियों को महाराजा शंकर शाह और रानी दुर्गावती मेधावी पुरस्कार प्रदान किए गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि हमारी नीति और नीयत बिल्कुल साफ है, वंचितों को वरीयता देना। हम इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। देश के सभी जनजातीय वर्गों और समुदायों का समग्र कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर जनजातीय वर्ग के हितों की उपेक्षा करने का जिक्र करते हुए कहा कि जनजातीय वर्ग छह दशकों तक उपेक्षित रहे। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में पहली बार जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। हमने इस मंत्रालय का बजट कई गुना बढ़ा दिया है। आज हम जनजातीय वर्ग की शिक्षा-दीक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनजातीय बहुल क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सहित हर दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज देशभर में आयोजन हो रहे हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती से हमारी एकता और विविधता को मनाने के लिए भारत पर्व शुरू हुआ था। आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर यह भारत पर्व पूर्णता प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज काशी विश्वनाथ और महाकाल की चर्चा होती है। पिछले एक साल में देश में कई धामों का विकास हुआ है। कितने ही जनजातीय नायक-नायिकाओं ने आजादी की मशाल को आगे बढ़ाया। मध्य प्रदेश के टंट्या भील जैसे अनेक नायकों ने आजादी के लिए अपार त्याग किया।

अन्य ख़बरें

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा  राष्ट्रगीत  ‘‘वंदे मातरम’’ एवं राष्ट्रगान ‘‘जन-गण-मन’’ का किया गया  गायन

Newsdesk

सिहोरा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: कार से 24 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

बंगाली क्लब मार्केट में भीषण आग: म्यूजिक पैलेस से शुरू होकर कपड़ों की दुकान तक फैली, 6 घंटे बाद काबू

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading