जबलपुर। भारतीय रेल के जबलपुर मंडल ने एक बार फिर यात्रियों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। एलटीटी (मुंबई) से दानापुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 01143 में शनिवार सुबह एक गर्भवती महिला यात्री की अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सूचना मिलने पर जबलपुर रेल मंडल की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और चलती ट्रेन में ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।
गर्भवती महिला संगीता (उम्र 28 वर्ष), निवासी इलाहाबाद, कोच B1 सीट 17 में यात्रा कर रही थीं। रेल मदद 139 पर जैसे ही प्रसव पीड़ा की सूचना प्राप्त हुई, जबलपुर मंडल के वाणिज्य विभाग के उप स्टेशन प्रबंधक आशीष चड्ढा और बलवंत, एवं रेलवे चिकित्सक डॉ. अंकिता सिद्धार्थ, नर्स उषा, उपासना तथा गणेश तत्काल ट्रेन के आउटर के पास पहुंच गए। पूरी टीम ने सतर्कता के साथ मौके पर ही सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित की।
प्रसव प्रक्रिया और चिकित्सकीय प्रबंधन
डॉ. अंकिता सिद्धार्थ ने cord clamping & cutting, प्लेसेंटा रिमूवल और बेबी केयर से जुड़ी सभी जरूरी चिकित्सकीय प्रक्रियाएं पूरी सावधानी से कीं। डॉक्टरों ने बताया कि मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। प्रसव के बाद महिला को उनके भाई के साथ रानी दुर्गावती अस्पताल, जबलपुर रेफर किया गया, जहां आगे की देखभाल शुरू की गई।
यात्रियों और परिवार ने की रेल मंडल की सराहना
कोच के यात्री इस त्वरित, संवेदनशील और समन्वित कार्रवाई को देखकर प्रभावित हुए और रेलवे टीम की मानवीय सेवा भावना की सराहना की। महिला के परिवार ने भारतीय रेल की त्वरित सहायता के लिए हृदय से आभार जताया।
रेल मंडल का मानवीय चेहरा उजागर
इस घटना के माध्यम से जबलपुर रेल मंडल ने एक बार फिर साबित किया कि यात्री सुरक्षा, सहायता और सेवा उसके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रेन में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की तत्परता और दक्षता ने एक बार फिर यात्रियों का भरोसा मजबूत किया है।


