सागर (मध्यप्रदेश)। सागर–भोपाल हाईवे पर सागर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 4 करोड़ रुपये की हवाला रकम बरामद की। गुप्त सूचना पर मोतीनगर पुलिस ने राहतगढ़ बायपास के पास देर रात नाका लगाया। संकेत देने पर कार चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर कुछ ही मिनटों में रोक लिया। तलाशी में कार की पिछली सीटों और गुप्त खांचों से 500 और 2000 रुपये के नोटों के बंडल बरामद हुए।
नागपुर निवासी चालक और इंदौर के सहयात्री को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों भारी नकदी के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। प्रारंभिक जांच में पता चला कि रकम हवाला चैनल के जरिए महाराष्ट्र भेजी जा रही थी। बरामद राशि और आरोपियों को आयकर विभाग को सौंप दिया गया है। पुलिस मोबाइल डेटा के आधार पर बड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।


