जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के दमोहनाका स्थित पंजाब बैंक कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब घर में साधारण डांट-फटकार के बाद 17 वर्षीय बेटा नाराज होकर घर से निकल गया और वापस ही नहीं लौटा। परिजनों ने कोतवाली थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई है।
लापता नाबालिग का नाम बालकृष्ण परिहार, पिता वीरेंद्र परिहार है। वह 12वीं कक्षा का छात्र है और महाराष्ट्र हाई स्कूल में पढ़ता है। बताया गया कि बुधवार सुबह लगभग 5 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे खोजा तो वह घर पर नहीं मिला।
परिजनों के अनुसार, सुबह पढ़ाई और अनुशासन को लेकर पिता ने उसे हल्की डांट लगाई थी, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया। परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आस-पड़ोस में पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
काफी तलाश के बाद थककर परिजनों ने थाना कोतवाली में बेटे की गुमशुदगी दर्ज करवाई है। पुलिस ने छात्र की खोज शुरू कर दी है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
परिवार ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी यह लड़का दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी थाने या कोतवाली पुलिस को सूचना दें। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बालकृष्ण की जल्द सुरक्षित वापसी की प्रार्थना की जा रही है।


