जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के टिमरी टोला नाके पर शुक्रवार की रात नाके के कर्मचारियों द्वारा बस पर पथराव और चालक से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित बस चालक ने पाटन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, घमापुर निवासी गोविंद गुप्ता पेशे से ड्राइवर है। शुक्रवार रात वह अपने साथियों के साथ मुरैना से स्वराज माजदा लेकर जबलपुर लौट रहा था। नुनसर के आगे स्थित टिमरी टोला नाके पर उसने फास्टैग से पर्ची कटाई और बस आगे बढ़ी ही थी कि नाके से थोड़ी दूरी पर खड़े एक युवक ने बस पर पत्थर फेंक दिया। पथराव से कंडक्टर साइड का कांच टूट गया और कंडक्टर राजा के आंख में चोट आई।
गोविंद ने जब नाके के कर्मचारियों से शिकायत कर कारण पूछना चाहा, तो वे गाली-गलौज करने लगे। गोविंद ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने के लिए मोबाइल निकाला तो एक युवक ने उसका मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद टोल के अंदर से कर्मचारी डंडे लेकर बाहर आए और उस पर हमला कर दिया।
हमले में चालक गोविंद के सिर पर डंडे से वार किया गया और अन्य कर्मचारियों ने हाथ-मुक्कों से भी मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, कर्मचारियों ने धमकी दी—
“दोबारा टोल पर विवाद किया तो जान से खत्म कर देंगे।”
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी शिकायतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब टोल नाकों पर वाहन चालकों के साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं हुई हों। कई बार टोल नाकों पर अवैध वसूली, घरेलू वाहनों से नियम विरुद्ध टोल टैक्स लेने और कर्मचारियों के अभद्र व्यवहार की शिकायतें उठ चुकी हैं।
पुलिस की कार्रवाई
गोविंद की शिकायत पर पाटन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पहचान होते ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
यह घटना फिर से टोल नाकों पर कार्यरत कर्मचारियों के व्यवहार और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।


