बरेला। बरेला थाना क्षेत्र के नागा घाटी में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करने की कोशिश में पीछे चल रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत यह रही कि ट्रक चालक मुबारक इस हादसे में बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुबारक रायपुर से दिल्ली तारों का बंडल लेकर जा रहा था। नागा घाटी पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक कट मारकर खतरनाक तरीके से ओवरटेक किया। अचानक हुए इस मनोवर से मुबारक का ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर बरेला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जानकारी लेकर ओवरटेक करने वाले ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चालक की जान बच जाने से राहत की सांस ली गई, लेकिन लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक का यह मामला एक बार फिर भारी वाहनों की खतरनाक ड्राइविंग पर सवाल खड़ा करता है।


