जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके बदमाश संजू पटेल को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर कारागार भेज दिया गया है। थाना प्रभारी उमेश गोलानी ने बताया कि विश्वकर्मा मोहल्ला, पुरानी बस्ती निवासी संजू पटेल वर्ष 2017 से लगातार आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है।
उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, अवैध वसूली, चोरी, आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कुल 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही किए जाने के बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियाँ कम नहीं हुईं।
थाना प्रभारी के अनुसार, संजू पटेल के खौफ के कारण क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बन गया था। लोग उसके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे थे।
लगातार बढ़ते अपराध और क्षेत्र में दहशत को देखते हुए पुलिस ने उसके विरुद्ध NSA के तहत प्रकरण तैयार कर जिला दंडाधिकारी जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से इलाके में शांति और सुरक्षा की भावना पुनः स्थापित होगी।


