जबलपुर। शहर की सड़कों और बाजार क्षेत्रों में लंबे समय से फैले अतिक्रमण पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए आज बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। मुख्य मार्गों पर फुटपाथों और सड़क किनारे वर्षों से जमे टपरे और अवैध दुकानों के कारण शहर का यातायात अव्यवस्थित हो चुका था। पैदल यात्रियों के लिए रास्ता तक नहीं बच पाता था, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाओं जैसी स्थितियां बन रही थीं।
इसी अव्यवस्था को देखते हुए संभागायुक्त के निर्देश पर कलेक्टर, एसपी और नगर निगम आयुक्त की संयुक्त बैठक में शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की व्यापक योजना तैयार की गई। योजना के तहत आज पुराने बस स्टैंड के पास यात्री प्रतीक्षालय के किनारे सालों से टपरे लगाकर बैठे कब्जाधारियों पर कार्रवाई की गई।
नगर निगम की टीम ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बने टपरे, दुकानों और अस्थाई ढांचों को हटाया। कार्रवाई के दौरान ओमती और मदनमहल थाना पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो सके।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। प्रशासन का कहना है कि शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई आगे जारी रहेगी, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जा सके और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त रखा जा सके।


