जबलपुर। मानस भवन में आयोजित SC, ST, OBC सम्मेलन के दौरान मचा बवाल अब पुलिस कार्रवाई तक पहुँच गया है। सम्मेलन स्थल पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पुस्तक बेचे जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया था, जिसके विरोध में हिंदू संगठनों ने तीखी आपत्ति जताई थी। इसी पुस्तक को बेचने वाले आरोपी को पुलिस ने सतना जिले के नागौद से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में मौजूद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जब आपत्तिजनक सामग्री देखी तो उन्होंने प्रदर्शन किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सम्मेलन में शामिल कुछ लोगों ने हिंदू संगठन के दो कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की थी। घटना के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाते हुए विवादित पुस्तक पर प्रतिबंध और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अब तक लगभग 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मारपीट और घटना को भड़काने वाले लोग भी शामिल हैं। कई आरोपी जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों से पकड़े गए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई तेज़ कर रही है।
मानस भवन में हुई इस घटना ने शहर में तनावपूर्ण वातावरण पैदा कर दिया था। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की धार्मिक या सामाजिक संवेदनाओं को आहत करने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


