जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्ति नगर चौपाटी में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ चार बदमाशों ने एक दुकानदार पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देने वाले चारों आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक मोनू चक्रवर्ती (40) शक्ति नगर चौपाटी में चाइनीज व डोसा की दुकान लगाता था। मृतक के बेटे वीरू चक्रवर्ती के अनुसार कुछ दिनों पहले मोनू का अमन चक्रवर्ती, नंदू तिवारी, तशु यादव और रोहित झारिया उर्फ बाबा से विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर शनिवार शाम अमन अपने साथियों के साथ मोनू की दुकान पहुँचा और बात करने के बहाने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चारों ने चाकू निकालकर मोनू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल मोनू को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी भी चाकू लगने से घायल
पुलिस के अनुसार आरोपी रोहित झारिया भी चाकू लगने से घायल है, जिसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोहित के परिजनों का दावा है कि मोनू के बेटों वीरू और नितिन ने बदला लेने के इरादे से उस पर चाकू से हमला किया। वहीं पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस की जांच जारी
सीएसपी आशीष जैन के मुताबिक मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर अमन, नंदू तिवारी, तशु यादव और रोहित झारिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि विवाद की शुरुआत किसने की और घटना के दौरान दोनों पक्ष कैसे आमने-सामने आए। घायल रोहित से भी विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
शक्ति नगर चौपाटी में हुई इस हत्या से स्थानीय व्यवसायियों और लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


