जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन से मंगलवार को रवाना हुई मुंबई–बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस के यात्रियों में उस समय दहशत फैल गई, जब ट्रेन के डिब्बों पर अचानक पत्थर बरसने लगे। घटना स्टेशन से लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे छुई खदान क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पटरियों के किनारे खेल रहे चार नाबालिग बच्चों ने ट्रेन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव से ट्रेन की खिड़कियों के कांच क्षतिग्रस्त हुए और यात्रियों में भय का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। जांच में सामने आया कि स्थानीय नाबालिग बच्चों ने शरारतवश पत्थर फेंके थे। आरपीएफ ने बच्चों को चिन्हित कर उनके परिजनों को बुलाया और सख्त समझाइश दी। चूंकि बच्चे नाबालिग थे, इसलिए उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
आरपीएफ के अनुसार, छुई खदान क्षेत्र में ट्रेनों की रफ्तार कम हो जाती है और पास में बने ऊँचे मकानों के कारण बच्चों द्वारा ऐसी हरकतें पहले भी देखी गई हैं। अभिभावकों को साफ निर्देश दिया गया है कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा हुई, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आरपीएफ ने यात्रियों से भी अपील की है कि ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना रेलवे हेल्पलाइन या नजदीकी रेलवे सुरक्षा बल को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


