जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत करौंदी में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के बाहर गाली देने के आरोप को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने एक परिवार पर चाकू और फावड़े से हमला कर दिया, जिसमें युवक और उसका भांजा घायल हो गए।
पीड़ित कार्तिक यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के बाहर नहा रहा था। इसी दौरान पास में खड़े कुछ लोगों ने उस पर गाली देने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। कार्तिक का कहना है कि उसने बार-बार स्पष्ट किया कि उसने कोई गाली नहीं दी है, इसके बावजूद आरोपियों ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कार्तिक पर फावड़े से हमला कर दिया, जबकि बीच-बचाव के लिए आए उसके भांजे पर चाकू से वार कर दिया गया। हमले में दोनों को चोटें आईं। घटना के बाद परिजन घायलों को लेकर थाने पहुंचे।
मामले की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस ने दोनों घायलों का मुलाहिजा कराते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।


