जबलपुर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोहलपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ते हुए उसके कब्जे से 550 पाव देशी शराब जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर श्री मधुर पटेरिया के मार्गदर्शन में थाना गोहलपुर की टीम ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी गोहलपुर श्री रितेश पाण्डे ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 दिसंबर की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि नूरी नगर पसियाना क्षेत्र में मोहम्मद मुबीन नामक व्यक्ति अपने घर के बकरी बांधने वाले कमरे में अवैध रूप से देशी शराब बिक्री के लिए संग्रहित कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद मुबीन पिता अब्दुल अजीज, उम्र 55 वर्ष, निवासी नूरी नगर पसियाना, गोहलपुर बताया। उसकी निशानदेही पर बकरी बांधने वाले कमरे के बरामदे से कुल 11 पेटियों में भरी 550 पाव देशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने शराब को विधिवत जप्त करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अम्बुज पाण्डे, आरक्षक संदीप, रंजीत और आशीष श्रीवास्तव की सराहनीय भूमिका रही।


