जबलपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल न्यू भेड़ाघाट में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मोबाइल से सेल्फी लेते समय एक महिला अपने पति और 10 साल की बेटी के सामने नर्मदा नदी में गिर गई। तेज बहाव के कारण महिला नदी में समा गई। घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद उसका तत्काल कोई सुराग नहीं मिल पाया। रविवार शाम को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर स्वर्गद्वारी क्षेत्र में महिला का शव बरामद हुआ। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका की पहचान विजय नगर निवासी 36 वर्षीय स्वाति गर्ग के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार को स्वाति की शादी की सालगिरह थी। इस मौके को खास बनाने के लिए वह अपने पति आशीष गर्ग, 10 वर्षीय बेटी और सास के साथ न्यू भेड़ाघाट घूमने आई थीं। इसी दौरान शाम के समय नदी किनारे खड़े होकर वह मोबाइल से सेल्फी ले रही थीं, तभी अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गईं।
स्वाति के पति आशीष गर्ग ओएफके फैक्ट्री में जूनियर वर्क मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। परिवार ने पहले त्रिपुरी माता के दर्शन किए और उसके बाद न्यू भेड़ाघाट पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्वाति पत्थरों पर खड़ी होकर फोटो ले रही थीं। उन्होंने आशीष से बेटी को कुछ देर संभालने को कहा। जैसे ही आशीष बेटी को लेकर पीछे मुड़े, तभी शोर मचा और देखा गया कि स्वाति नर्मदा में गिर चुकी थीं।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद गोताखोरों ने नदी में तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव के चलते सफलता नहीं मिली। शनिवार शाम को तिलवारा थाना पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रविवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद शाम को स्वर्गद्वारी क्षेत्र में स्वाति का शव बरामद हुआ।
हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 10 वर्षीय बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पति सदमे में हैं। यह घटना एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सेल्फी के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही और सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।


