April 4, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिकवीडियो

ऑनलाइन गेम की लत ने बनाया ठग, दुकानदारों से 2.10 लाख की ठगी; शहपुरा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जबलपुर के शहपुरा क्षेत्र में ऑनलाइन गेम की लत के चलते ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। शहपुरा पुलिस ने दो एमपी ऑनलाइन सेंटर संचालकों की शिकायत पर मझौली निवासी 27 वर्षीय दिवाकर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 2 लाख 10 हजार रुपए की ठगी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शहपुरा स्थित एमपी ऑनलाइन सेंटर संचालक अमित बर्मन और अभिषेक सेन की दुकानों पर पहुंचा। उसने खुद को मटर व्यापारी बताते हुए नगद रकम देने के बदले क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कराने की बात कही। अतिरिक्त पांच हजार रुपए देने का लालच देकर उसने पहले अमित बर्मन से 70 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए। इसके बाद और रकम की मांग की, जिस पर अमित ने दोबारा 80 हजार रुपए भेज दिए। काफी देर तक नगद राशि नहीं मिलने पर उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने शहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

इसी तरह आरोपी ने अभिषेक सेन के साथ भी ठगी की। उसने 60 हजार रुपए नगद देने का झांसा देकर क्यूआर कोड में पैसे डलवाए और लगातार समय मांगता रहा। करीब चार घंटे तक नगद राशि न मिलने पर अभिषेक ने उससे पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस क्यूआर कोड में पैसे ट्रांसफर कराए गए थे, वह किसी अन्य ट्रेडर के खाते से जुड़ा हुआ था।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले दो वर्षों से ‘एविएटर’ नाम का ऑनलाइन गेम खेल रहा था। इस दौरान वह भारी रकम हार चुका था, जिससे उसकी गेम आईडी लॉक हो गई थी। आईडी दोबारा चालू कराने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी, जिसके चलते उसने ठगी का रास्ता अपनाया।

आरोपी के पिता ने भी पुलिस को बताया कि दिवाकर मझौली और आसपास के क्षेत्रों में कई लोगों से उधार लेकर और झूठ बोलकर पैसे ले चुका है। घर पर लगातार लोग पैसे मांगने पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा परिवार परेशान है।

शहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों ऑनलाइन सेंटर संचालकों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उससे आगे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ठगी के अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और पीड़ित सामने आ सकते हैं।

अन्य ख़बरें

विरासत सहेजेगा जबलपुर, ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ से महकेगी महाराजपुर की ऐतिहासिक बावली

Newsdesk

घरों का पानी घर में, शहर का पानी शहर में जल संरक्षण के लिए निगमायुक्त की मुहिम तेज

Newsdesk

डिजिटल जबलपुर
11 वीं के छात्र अभिवीर ने बनाया ’महापौर हेल्पलाइन’ एप, नगर निगम को सौंपा निःशुल्क उपहार

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading