जबलपुर के उपनगरीय क्षेत्र रांझी मानेगांव स्थित एक शासकीय स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि स्कूली बच्चों से स्कूल परिसर में पड़ा मलबा उठवाया जा रहा है। बच्चों के हाथों में किताब-कॉपी की जगह गैती, फावड़ा और तसले नजर आ रहे हैं, जिससे बाल मजदूरी जैसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं।
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने कहा कि यह वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वीडियो में बच्चे काम करते हुए दिखाई दे रहे हैं, लेकिन यह जांच का विषय है कि बच्चे स्वयं ऐसा कर रहे थे या स्कूल प्रबंधन द्वारा उनसे यह कार्य कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं अभिभावकों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।


