जबलपुर जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाईवे चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक और परिवहन सुरक्षा दस्ते के बीच विवाद हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रक चालक चालान को लेकर सवाल उठाते हुए दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर नियमित वाहन जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG04NT0804 को रोका गया। जांच के दौरान ट्रक चालक अरविंद पिता कैलाशचंद, निवासी देवास से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। परिवहन विभाग का आरोप है कि चालक नशे की हालत में भी प्रतीत हो रहा था और जांच में सहयोग नहीं कर रहा था।
विवाद के बाद चालक ने आक्रोश में आकर अपना ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग के बीचोंबीच खड़ा कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। वायरल वीडियो में चालक यह कहते हुए नजर आ रहा है कि उससे ₹12,000 का चालान काटा जा रहा है और वह यह जानना चाहता है कि आखिर किस बात का चालान किया गया है। वहीं, पुलिसकर्मी डायल 112 पर कॉल करते हुए भी वीडियो में दिखाई दे रहे हैं।
ट्रक चालक ने चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि हाईवे पर पहले भारी-भरकम चालान की बात कही जाती है और बाद में कुछ हजार रुपये लेकर छोड़ दिया जाता है, जिससे वाहन चालक मानसिक रूप से परेशान रहते हैं।
वहीं, जबलपुर संभागीय परिवहन सुरक्षा दस्ता ने आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि यह कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही थी। प्रभारी राजेंद्र साहू के अनुसार, चालक ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए जानबूझकर राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध किया, जिससे आम जनता और भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चालक अरविंद के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(1), 127(2), 285 एवं 270 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। परिवहन सुरक्षा दस्ता ने स्पष्ट किया है कि हाईवे पर अवरोध और शासकीय कार्य में बाधा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


