जबलपुर में भाजपा नेत्री अंजू भार्गव का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक दिव्यांग महिला से आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है और कांग्रेस ने इसे दिव्यांगों के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए भाजपा और संबंधित नेत्री पर तीखा हमला बोला है।
मामला शनिवार का बताया जा रहा है, जब गोरखपुर स्थित एक चर्च में क्रिसमस कार्यक्रम के दौरान हिंदू संगठनों ने हंगामा किया था। आरोप था कि चर्च में 70 से अधिक दिव्यांग और नेत्रहीन बच्चों को धर्मांतरण के उद्देश्य से प्रार्थना के लिए बुलाया गया है। इसी दौरान भाजपा नेत्री अंजू भार्गव भी मौके पर पहुंची थीं। वायरल वीडियो में अंजू भार्गव एक दिव्यांग महिला से यह कहते हुए सुनी जा रही हैं कि “इस जन्म के बाद दूसरे जन्म में भी अंधी बनेगी”, जिसे लेकर भारी आक्रोश फैल गया है।
कांग्रेस ने इस बयान को दिव्यांग महिलाओं और बच्चों का खुला अपमान बताते हुए कड़ी निंदा की है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि भाजपा नेत्री ने एक नेत्रहीन महिला का अपमान कर अमानवीय सोच का परिचय दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो के बावजूद पुलिस प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है, जो बेहद चिंताजनक है।
सौरभ शर्मा ने यह भी ऐलान किया कि पीड़ित दिव्यांग महिला के साथ मिलकर न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि हवाबाग कॉलेज के पीछे चर्च परिसर में दिव्यांग बच्चों को बिना अनुमति भोजन और अन्य प्रलोभन देकर लाया गया और उनका “ब्रेनवॉश” किया जा रहा था।
वहीं, अंजू भार्गव का कहना है कि उन्हें दो बच्चियों ने बताया था कि उन्हें चर्च में जबरदस्ती लाया जाता है और ईसा मसीह की प्रार्थना कराई जाती है, हालांकि बाद में वे अपने बयान से मुकर गईं। पूरे मामले को लेकर अब जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
वायरल वीडियो ने न सिर्फ धार्मिक और सामाजिक संवेदनाओं को झकझोर दिया है, बल्कि दिव्यांगजनों के सम्मान और अभिव्यक्ति की मर्यादा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।


