April 2, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिकवीडियो

सोशल मीडिया से हुई मृतक की पहचान, पत्नी का इलाज कराने आया युवक मिला मृत

जबलपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पौंडी में मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान पुलिस ने सोशल मीडिया की मदद से कर ली है। थाना प्रभारी शहपुरा प्रवीण धुर्वे ने बताया कि मृतक की पहचान 26 वर्षीय अजय बरया के रूप में हुई है, जो मंडला जिले के ग्राम बम्हनी का निवासी था। अजय अपनी गर्भवती पत्नी का इलाज कराने 18 दिसंबर को जबलपुर मेडिकल कॉलेज आया था, लेकिन अगले ही दिन वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया।

शुक्रवार को पौंडी गांव के पास ग्रामीणों ने एक युवक का अर्धनग्न शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। मृतक के हाथ पर टैटू के रूप में ‘रोशनी’ नाम लिखा मिला। इसके बाद पुलिस ने शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

सोमवार को वायरल तस्वीर देखकर मृतक के परिजन शहपुरा पहुंचे और युवक की पहचान अजय बरया के रूप में की। परिजनों ने बताया कि अजय की पत्नी रोशनी सिवनी जिले के घंसौर स्थित मायके में थी। गर्भावस्था के दौरान तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे लखनादौन और फिर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। अजय भी गुरुवार को मंडला से जबलपुर पहुंचा था और शुक्रवार दोपहर तक मेडिकल कॉलेज में ही मौजूद था।

शुक्रवार शाम अजय अचानक लापता हो गया। पत्नी रोशनी ने परिजनों को उसके गायब होने की जानकारी दी, लेकिन पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद होने के कारण परिजनों को लगा कि अजय बिना बताए मंडला लौट गया होगा। इसी बीच उसके शव की सूचना सामने आई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि अजय के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और अंदरूनी अंगों में भी चोट पहुंची थी। डॉक्टरों के अनुसार, बेरहमी से की गई पिटाई के कारण अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

अन्य ख़बरें

कटंगा में गोवंश अवशेष मिलने से हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Newsdesk

स्वास्थ्य विभाग में 1.33 करोड़ की अनियमितता उजागर, जांच में आरोप सही

Newsdesk

501 वी नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा चैत्र पूर्णिमा पर
       हनुमान चालीसा का गुन गान करते हुए निकली

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading