जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया (ऑर्डनेंस फैक्ट्री) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह धमकी फैक्ट्री की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए एक मेल के माध्यम से दी गई, जिसमें फैक्ट्री को ब्लास्ट कर उड़ाने की बात कही गई है। धमकी भरा ईमेल सामने आते ही प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गईं।
सूचना मिलते ही फैक्ट्री परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। आर्मी और डिफेंस इंटेलिजेंस विंग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दिनभर फैक्ट्री के विभिन्न हिस्सों, खासतौर पर फिलिंग सेक्शन में गहन जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनज़र डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की भी मदद ली गई, जिन्होंने परिसर के हर कोने की बारीकी से तलाशी ली।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार धमकी भरा ईमेल तमिलनाडु से भेजा गया बताया जा रहा है, जिसमें इटारसी और जबलपुर स्थित फैक्ट्रियों को उड़ाने की धमकी का भी जिक्र है। फिलहाल ईमेल के सोर्स और भेजने वाले की तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर एक्सपर्ट्स ईमेल की लोकेशन, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सुराग खंगाल रहे हैं।
दिनभर चली सर्चिंग के बावजूद फैक्ट्री परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और धमकी देने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फैक्ट्री में कामकाज सामान्य रूप से जारी है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ निगरानी बनाए हुए हैं।


