जबलपुर के हनुमानताल थाना अंतर्गत ठक्कर ग्राम, डॉक्टर राधाकृष्णन वार्ड स्थित बाबा टोला क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर शुक्रवार को क्षेत्रवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे एकजुट होकर सड़क पर उतरे और जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे शराब कारोबार को तत्काल बंद कराने की मांग की।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बाबा टोला इलाके में 24 घंटे शराब का अवैध विक्रय किया जा रहा है। दिन के उजाले में खुलेआम दुकान से शराब बेची जाती है, जबकि रात के समय पुलिस की कथित सांठगांठ से पिछले दरवाजे के जरिए जहरीली शराब बेची जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जहरीली शराब के कारण अब तक करीब 10 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जिला प्रशासन और आबकारी विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि शराब के कारण क्षेत्र का माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है। आए दिन झगड़े, मारपीट और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों और रहवासियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अवैध शराब के कारोबार पर लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने साफ शब्दों में कहा कि भविष्य में यदि कोई अप्रिय स्थिति बनती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।


