जबलपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर शहजपुर क्षेत्र में शनिवार को एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान ग्वारा गांव निवासी महेंद्र साहू (27) के रूप में हुई है। रविवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने हत्या की क्रूरता को उजागर कर दिया, जिसमें महेंद्र के शरीर पर चाकू के 12 गहरे वार पाए गए हैं। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के समय आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में 6 संदिग्ध युवक कैद हुए हैं, जिनकी तलाश में भेड़ाघाट थाना पुलिस जुटी हुई है। एसपी के निर्देश पर तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
ड्राइवर न मिलने पर खुद चला रहा था स्कॉर्पियो
महेंद्र साहू पहले मेडिकल शॉप में काम करता था और दवाओं की जानकारी होने के कारण गांव-गांव जाकर लोगों का इलाज भी करता था, जिससे ग्रामीण उसे “डॉक्टर साहब” कहने लगे थे। इसके साथ ही वह ट्रेवल्स का काम भी करता था। शुक्रवार को उसे उज्जैन के लिए बुकिंग मिली थी, लेकिन ड्राइवर उपलब्ध न होने पर वह खुद ही अपनी सफेद स्कॉर्पियो (MP 04 TB 0382) लेकर निकला।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि शहजपुर के पास उसकी गाड़ी खराब हो गई है और बुकिंग कैंसिल हो गई है। उसने कहा कि गाड़ी ठीक कराकर शाम तक घर लौट आएगा।
मैकेनिक बुलाने के बाद हुआ हमला
महेंद्र ने जबलपुर से दो मैकेनिक बुलाए। पुलिस जांच में सामने आया है कि जब मैकेनिक गाड़ी सुधार रहे थे, उसी दौरान महेंद्र उनकी बाइक लेकर शराब पीने चला गया था। आधे घंटे बाद लौटने पर मैकेनिक क्लच खोलकर गाड़ी जबलपुर ले गए और महेंद्र मौके पर अकेला रह गया।
इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और महेंद्र को गाड़ी से बाहर निकालकर चाकू से हमला कर दिया। बचाव के प्रयास में पहला वार उसके दाहिने हाथ में लगा, इसके बाद गर्दन, सीने, पीठ और हाथों पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए गए।
पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का खुलासा जांच के बाद होगा। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।


