दोहा, 7 जनवरी कतर ने गाजा पट्टी में युद्धविराम समझौते के दूसरे चरण को लागू कराने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता और प्रधानमंत्री के सलाहकार डॉ. माजिद बिन मोहम्मद अल अंसारी ने साफ कहा है कि कतर मध्यस्थ देशों के साथ मिलकर लगातार बातचीत कर रहा है ताकि समझौते का अगला चरण जल्द से जल्द पूरा हो सके।
दोहा में 6 जनवरी को आयोजित विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में डॉ. अल अंसारी ने बताया कि इस प्रक्रिया में कतर के साथ मिस्र, तुर्किये और अमेरिका जैसे अहम मध्यस्थ देश शामिल हैं। इन देशों के सहयोग से गाजा में युद्धविराम को आगे बढ़ाने, रफाह सीमा चौकी को फिर से खोलने और वहां फंसे लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचाने पर काम किया जा रहा है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि समझौते के दूसरे चरण तक पहुंचने के लिए बातचीत अभी जारी है। कुछ मुद्दों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन अब भी कुछ अहम बाधाएं हैं, जिन पर चर्चा चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निरंतर प्रयासों से इन अड़चनों को दूर किया जा सकेगा।


