जबलपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही मंगेतर की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने युवती के गले और सीने पर तीन बार चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर युवती ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना आधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया की है। गुरुवार शाम 19 वर्षीय ऋचा रजक फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रही थी। इसी दौरान उसका मंगेतर साहिल रजक अपने दोस्त अजय सिंह ठाकुर के साथ बाइक से वहां पहुंचा और रास्ते में ऋचा को रोक लिया। बातचीत से इनकार करने पर साहिल ने चाकू निकालकर ऋचा के गले और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल ऋचा को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ऋचा और साहिल की करीब ढाई माह पहले सगाई हुई थी और फरवरी में शादी तय थी। दोनों की दोस्ती दो साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी और एक ही समाज के होने के कारण परिवार भी इस रिश्ते के लिए राजी थे। हालांकि, सगाई के बाद साहिल ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी थी। ऋचा ने जब इस मांग का विरोध करते हुए शादी से इनकार कर दिया, तो साहिल को उस पर किसी और से प्रेम संबंध होने का शक हो गया।
पुलिस के अनुसार साहिल बीते कई दिनों से ऋचा का पीछा कर रहा था और उसे धमकियां भी दे रहा था। गुरुवार को मौका मिलते ही उसने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों आरोपियों साहिल रजक और अजय सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


