जबलपुर। भारतीय रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और मानवीय सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक बार फिर संवेदनशीलता का उदाहरण बना है। जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत शनिवार को चलती ट्रेन में बीमार पड़े एक बुजुर्ग यात्री को रेल कर्मियों और चिकित्सकीय स्टाफ की त्वरित मदद से जीवनरक्षक सहायता प्रदान की गई।
रेल मदद (139) के माध्यम से प्राप्त सूचना के अनुसार, गोरखपुर जंक्शन से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही ट्रेन संख्या 11082 के कोच एस-8 में यात्रा कर रहे 70 वर्षीय रामजी विश्वकर्मा, जो पैरालिसिस से पीड़ित हैं, की यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनका राइल्स ट्यूब निकल जाने से वे भोजन और पानी ग्रहण करने में असमर्थ हो गए थे।
स्थिति को गंभीर देखते हुए यात्रियों और परिजनों को जबलपुर स्टेशन पर उतरकर उपचार कराने का सुझाव दिया गया, लेकिन परिजनों ने अगले दिन मुंबई में निर्धारित इलाज का हवाला देते हुए यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई। इस पर स्टेशन पर तैनात वाणिज्य विभाग के उप स्टेशन प्रबंधक बलवंत ने मानवीय पहल करते हुए तत्काल स्थानीय बाजार से राइल्स ट्यूब की व्यवस्था कराई।
इसके बाद स्टेशन पर मौजूद डॉ. पंकज पुरोहित एवं नर्सिंग स्टाफ अतुल द्वारा करीब 20 मिनट के चिकित्सकीय प्रयास के बाद सफलतापूर्वक राइल्स ट्यूब लगाया गया। इससे बुजुर्ग यात्री को तत्काल राहत मिली। परिजनों ने रेलवे प्रशासन के इस संवेदनशील और त्वरित सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि ट्रेन का आगमन और प्रस्थान निर्धारित समय के अनुसार सुनिश्चित किया गया, जिससे अन्य यात्रियों को भी कोई असुविधा नहीं हुई।


