जबलपुर। स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा के नेतृत्व में लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और उत्साह के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया।
कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने योग को केवल शारीरिक कसरत तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे मन, बुद्धि और आत्मा के समन्वय का सम्पूर्ण आध्यात्मिक विज्ञान बताया। उन्होंने युवाओं से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग से आत्मविश्वास, एकाग्रता और नैतिक शक्ति का विकास होता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सामूहिक योगाभ्यास के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों में अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्रप्रेम की भावना को और सुदृढ़ किया।


